मौत का कुंआ बनी सड़क, देखते ही देखते गड्ढे में समाया शख्स, कंपा देगा मंजर!
Last Updated:March 26, 2025, 15:54 IST
सियोल में एक मोटरसाइकिल विशाल सिंकहोल में समा गई, जिससे 30 वर्षीय पार्क की मौत हो गई. हादसे का वीडियो वायरल हो रहा है. प्रशासन ने सुरक्षा के तहत चार स्कूल बंद कर दिए हैं.
गड्ढे में समाया बाइक सवार, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो
सड़क हादसे कई बार इतने भयावह होते हैं कि वे दुनिया भर में सुर्खियां बन जाते हैं. हाल ही में दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां देखते ही देखते एक मोटरसाइकिल विशाल सिंकहोल में समा गई. इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार की जान चली गई. पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि कैसे एक कार गड्ढे में जाने से बाल-बाल बच गई, लेकिन बाइक सवार के भाग्य ने उसका साथ नहीं दिया. यह घटना सियोल के गांगडोंग वार्ड में हुई, जहां एक चलती सड़क अचानक धंस गई और एक मोटरसाइकिल उसमें समा गई. अब हादसे की सीसीटीवी और डैशकैम फुटेज सामने आ रही हैं, जिसमें बाइक सवार की पहचान 30 वर्षीय पार्क के रूप में की गई है. हालांकि, घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा.
कोरिया टाइम्स के अनुसार, रातभर चली खोज में सबसे पहले सुबह 1:37 बजे एक मोबाइल फोन बरामद हुआ. वहीं करीब दो घंटे बाद, दुर्घटना स्थल से 30 मीटर की दूरी पर पार्क की मोटरसाइकिल मिली, लेकिन तब तक बाइक सवार का कोई पता नहीं चला था. अगली सुबह तकरीबन 18 घंटे बाद पार्क का शव सिंकहोल के अंदर मिला. फिलहाल, सिंकहोल बनने के पीछे का कारण सामने नहीं आया है. हालांकि, स्थानीय प्रशासन ने इसे पास में चल रहे मेट्रो निर्माण कार्य से जोड़कर देखने की संभावना जताई है.
NEW: Motorcyclist who vanished into a sinkhole on Monday, found deceased after an 18-hour search.
The man was seen riding his motorcycle on a road in Seoul, South Korea when a 65 feet wide and 65 feet deep sinkhole opened up.
The motorcyclist was identified by officials as… pic.twitter.com/K0uE8PKHLR
— Collin Rugg (@CollinRugg) March 25, 2025
हादसे के बाद आसपास के इलाके में दहशत छा गई है, वहीं अब स्थानीय प्रशासन ने इलाके की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पास के चार स्कूलों को बंद कर दिया. इसके अलावा, पानी और गैस की आपूर्ति भी रोक दी गई है ताकि किसी अन्य दुर्घटना को टाला जा सके. स्थानीय लोग इसे प्रशासन की लापरवाही मान रहे हैं और सड़क निर्माण की क्वालिटी पर सवाल उठा रहे हैं. वहीं कई लोग सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को उठाते हुए सरकार से जवाब मांग रहे हैं.
और पढ़ें
Source – News18

